जिम जाने को लेकर विवाद में पति ने पत्नी की हत्या, 7 घंटे शव के पास बैठा रहा आरोपी

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | मुरादाबाद
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में जिम जाने को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। डबल फाटक इलाके में स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता ने अपनी पत्नी पूनम गुप्ता की लोहे के हैंडल से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी करीब सात घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने पहले एंबुलेंस को फोन कर पत्नी के घायल होने की सूचना दी और फिर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, पूनम गुप्ता रोजाना जिम जाती थीं, जिसका पति विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार सुबह जिम से लौटने के बाद दोनों में फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
मृतका की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व रामपुर निवासी प्रसादीलाल की बेटी पूनम से हुई थी। दंपति की एक बेटी आराध्या भी है। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मृतका के परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights