Liberal Media | झांसी
झांसी में शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान साइबर गुलामी का शिकार 16 लड़कियों को मुक्त कराया गया, जबकि कॉल सेंटर की मैनेजर हिना कौशर को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कॉल सेंटर के संचालक सतीश और नीतू प्रजापति फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर में शादी कराने के नाम पर ठगी की जा रही है। इसी आधार पर सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सरयू विहार इलाके में किराए के मकान में चल रहे “शगुन मैरिज” नाम के कॉल सेंटर पर छापा मारा गया। मौके पर 18 से 20 वर्ष की 16 लड़कियां कंप्यूटर और मोबाइल के जरिए लोगों से बात करती मिलीं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह अखबारों और वेबसाइट्स से 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के शादी के इच्छुक पुरुषों का डाटा लेकर उनसे संपर्क करता था। रजिस्ट्रेशन के नाम पर पहले 500 से 2000 रुपये तक ऑनलाइन लिए जाते थे, फिर एआई से बनाई गई सुंदर लड़कियों की फर्जी तस्वीरें भेजकर और बातचीत के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। कई मामलों में कॉल रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल भी किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देशभर में 600 से अधिक लोगों को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। कार्रवाई के दौरान 9 बैंक खातों को फ्रीज कराया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि कॉल सेंटर में काम करने वाली अधिकांश लड़कियां गरीब परिवारों से थीं और उन्हें महज 5 हजार रुपये में नौकरी पर रखा गया था। उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए जाते थे, जिससे वे काम छोड़ नहीं पाती थीं।
पुलिस ने मौके से 7 कंप्यूटर, एक टैबलेट, 30 मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। छुड़ाई गई लड़कियों की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
शादी के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़, 16 लड़कियां छुड़ाई गईं, कॉल सेंटर संचालिका गिरफ्तार
Published On:
Date:








