बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर अफगा खेतहरी स्थित निषाद बस्ती में बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार भाइयों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग लगने की वजह खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी बताई जा रही है।
हादसे में सुनील, सत्येंद्र, विनोद और प्रिंस कश्यप के झोपड़ीनुमा घर को भारी नुकसान हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घर में रखा अनाज, बेड, चौकी, कपड़े, बर्तन सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। बच्चों की कॉपी-किताबें भी आग की भेंट चढ़ गईं।
सबसे दुखद पहलू यह है कि परिवार की बेटी कुमारी रामवती कश्यप की शादी जून में तय थी। शादी के लिए जुटाए गए कपड़े और आभूषण भी आग में जल गए, जिससे परिवार पर संकट और गहरा गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।








