बस्ती। वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों से दो युवकों द्वारा सरेआम बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़े वन चौकी के पास की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही द्वारा बाइक रोकने पर दोनों युवक नाराज हो गए और खुद को वकील बताते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगे। युवकों ने सिपाहियों को नौकरी से हटवाने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
आरोप है कि वर्दी का सम्मान किए बिना दोनों ने सरेबाजार पुलिसकर्मियों को अपमानित किया। वहीं, युवकों ने ट्रैफिक सिपाही पर गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








