मथुरा | LIBERAL MEDIA
तहसील छाता क्षेत्र के गांव उमराया में आर्थिक तंगी और फसल बर्बादी से परेशान एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से खेती चौपट होने के बाद कर्ज के दबाव में आए युवक ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान योगेश कुमार पुत्र धर्मी (उम्र करीब 25-27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
ग्राम प्रधान ओमप्रकाश के अनुसार योगेश का मकान निर्माणाधीन था और वह पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। हाल ही में हुई ओलावृष्टि से उसकी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि योगेश पर खेती के लिए लिया गया कर्ज था, जिसे चुकाने को लेकर वह लगातार तनाव में था। फसल खराब होने के बाद उसकी आय का मुख्य स्रोत समाप्त हो गया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठा लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
मथुरा में ओलावृष्टि और कर्ज से परेशान युवक ने जहर खाकर दी जान
Published On:
Date:








