शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के बिजनेस प्लान 2026-27 के अंतर्गत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बंतारा (क्षमता 2×5 एमवीए) एवं संबंधित 33 केवी और 11 केवी लाइनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत 9.90 करोड़ रुपये है।
बताया गया कि अत्सलिया विद्युत उपकेंद्र की स्थापित क्षमता (1×10 + 1×5 एमवीए) है, जिस पर वर्तमान में लगभग 970 एम्पियर तक लोड पहुंच चुका है, जिससे उपकेंद्र अधिभारित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए बंतारा में नए उपकेंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जिससे लगभग 350 एम्पियर लोड अत्सलिया से स्थानांतरित कर संतुलन बनाया जाएगा।
साथ ही, अत्सलिया से निकलने वाला 11 केवी इंडस्ट्रियल फीडर करीब 45 किमी लंबा है, जिस पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या आती है। नए उपकेंद्र के निर्माण के बाद दो नए इंडस्ट्रियल फीडर प्रस्तावित हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होगा तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








