ग्रेटर नोएडा | LIBERAL MEDIA
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर धार्मिक स्थल को निशाना बनाया है। बिसहड़ा रोड स्थित दुर्गा विशाल मंदिर में देर रात एक शातिर चोर रेनकोट पहनकर पहुंचा और सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर ने पहले मंदिर की रेकी की और फिर रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए अंदर घुस गया। उसने माता रानी की मूर्ति से करीब तीन किलो से अधिक वजन का चांदी का छत्र और सोने की नथ चंद मिनटों में उतारकर अपने बैग में रख लिया और मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर रेनकोट पहनकर आराम से मंदिर में प्रवेश करता और चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। सामान गायब देख उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर नाराजगी जताई गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना प्रभारी दादरी के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
रेनकोट पहनकर मंदिर में घुसा चोर, चांदी का छत्र और सोने के जेवर चोरी
Published On:
Date:








