भावनाओं के साथ शुरू हुआ ‘स्कूल चलो अभियान’, बच्चों के स्वागत से गूंजे विद्यालय

By Liberal Media

Published On:

मंत्री सुरेश खन्ना ने दिखाई हरी झंडी, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का लिया संकल्प

शाहजहांपुर। नवीन शैक्षिक सत्र के पहले दिन जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। विद्यालयों में बच्चों का रोली-तिलक, मिष्ठान वितरण और पुष्प वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे पूरे जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जिलाधिकारी कार्यालय से ‘स्कूल चलो अभियान’ एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस वैन के माध्यम से गांव-गांव तक यह संदेश पहुंचाया गया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी विद्यालय से जुड़ें।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो किसी भी समाज और राष्ट्र की दिशा एवं दशा तय करती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल नामांकन बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि हर बच्चे के सपनों को साकार करने का संकल्प है। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके भविष्य निर्माण में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने कहा कि यह अभियान जनपद के हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास है और सभी के सामूहिक सहयोग से शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम राजीव मिश्रा, एसडीएम प्रियंका समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने एक स्वर में इस अभियान को सफल बनाने और हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights