हनुमान जयंती पर हनुमत धाम में दो दिवसीय भव्य आयोजन, भजन संध्या में स्वाती मिश्रा देंगी प्रस्तुति

By Liberal Media

Published On:

शाहजहाँपुर।
हनुमत धाम विसरात घाट पर इस वर्ष भी परंपरागत रूप से दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव/हनुमान जयंती का भव्य आयोजन 01 एवं 02 अप्रैल (बुधवार-गुरुवार) को श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने जनमानस सहित मीडिया प्रतिनिधियों को भी सपरिवार आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 01 अप्रैल को प्रातः 08 बजे श्रीरामचरित मानस के अखण्ड पाठ से होगी। वहीं 02 अप्रैल को प्रातः 09 बजे भगवान श्रीराम के राजतिलक कार्यक्रम के उपरांत अखण्ड पाठ का समापन, हवन तथा 11:30 बजे से 3:30 बजे तक विशाल भण्डारा/प्रसाद वितरण किया जाएगा। सायं 06:30 बजे से 09:30 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा।
इस वर्ष भजन संध्या में मुंबई की प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाती मिश्रा एवं वृन्दावन के सुप्रसिद्ध भजन गायक राधिकेश जी अपनी टीम के साथ भक्ति रस की प्रस्तुति देंगे। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया था।
हनुमत धाम की विशेषता खन्नौत नदी के मध्य टापू पर स्थापित उत्तर भारत की विशालकाय हनुमान प्रतिमा है, जिसका अनावरण वर्ष 2013 में पूर्व शंकराचार्य स्वामी सत्यमित्रानंद जी द्वारा किया गया था। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य व्यक्ति यहां दर्शन कर चुके हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस धाम पर हर शनिवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। परिसर में निशुल्क आश्रय गृह, नवीन घाट, अतिरिक्त प्रवेश मार्ग तथा स्वामी विवेकानंद पब्लिक लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे यह स्थल आध्यात्म और ज्ञान का संगम बन गया है।
हनुमत धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर भंडारा एवं भजन संध्या का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights