कौशांबी। नेशनल हाईवे-2 पर सैनी कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार पिकअप खड़े कंटेनर से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 18 लोग सवार थे, जो प्रयागराज में बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर फतेहपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सिराथू क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर से भिड़ गया।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को पिकअप से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा पिकअप चालक की लापरवाही के कारण हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सभी मृतक और घायल फतेहपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर फैला दी है।








