शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
रामनवमी के पावन अवसर पर शाहजहांपुर के विसरात घाट स्थित हनुमतधाम में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी और पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल बना रहा।
हनुमतधाम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान राम दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे, जहां माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ भगवान श्रीराम के दर्शन किए। वासंतिक नवरात्रि की नवमी के अवसर पर अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण भी मंदिर में देखा गया।
इसी दौरान मंदिर कमेटी द्वारा भगवान श्रीराम का विधि-विधान से चरणाभिषेक किया गया, बाल भोग अर्पित किया गया और आरती संपन्न हुई। पुजारी हरिमोहन वाजपेयी और जयप्रकाश वाजपेयी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया, जिसमें हनुमतधाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सहित कमेटी के सदस्य शामिल रहे।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को फूलों, बिजली की झालरों और गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया। भक्तों में लड्डू, चरणामृत और फलों का प्रसाद वितरित किया गया।
रामनवमी पर हनुमतधाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रामलला जन्मोत्सव
Published On:








