लोहाघाट (उत्तराखंड) | LIBERAL MEDIA
उत्तराखंड के लोहाघाट में इन दिनों फिल्म ‘अर्जियां: द जस्टिस ऑफ गोलजू’ की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है। आज झील किनारे शूटिंग के दौरान लोहाघाट नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष गोविंद वर्मा पहुंचे और फिल्म का क्लैप देकर शूटिंग का शुभारंभ किया।

इस मौके पर गोविंद वर्मा ने कहा कि लोहाघाट और उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि यहां फिल्म की शूटिंग हो रही है, जिसमें मुंबई से बॉलीवुड कलाकार और तकनीकी टीम पहुंची है। उन्होंने कहा कि लोहाघाट और चंपावत जिले की प्राकृतिक सुंदरता बेहद आकर्षक है और यहां की लोकेशन फिल्मांकन के लिए बेहद उपयुक्त हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लगातार फिल्म शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
फिल्म के नायक सुमित मलिक, जो स्विट्जरलैंड से आए हैं, ने कहा कि यहां की लोकेशन बेहद खूबसूरत हैं और उन्हें स्विट्जरलैंड जैसी अनुभूति हो रही है। वहीं फिल्म की नायिका शिवानी ने अपने किरदार को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि वह इसे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास कर रही हैं।
फिल्म के डीओपी त्रिलोकी चौधरी ने कहा कि अन्य स्थानों पर कृत्रिम सेट बनाने पड़ते हैं, लेकिन यहां प्राकृतिक लोकेशन पर काम करने का अनुभव अलग ही है।
फिल्म के निर्देशक राकेश मधुसूदन ने बताया कि उनका प्रयास है कि लोहाघाट और आसपास के क्षेत्रों में लगातार शूटिंग हो और यहां की पहाड़ी कहानियों को बॉलीवुड तक पहुंचाया जाए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को अधिक अवसर मिल सकें।
फिल्म मलिक एंड मलिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाई जा रही है। अंत में निर्माता राजवीर मलिक और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर कौशलेंद्र मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।








