Liberal Media | Ballia
बलिया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने गुरुवार को बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। विशेष सैलून से अचानक पहुंचे डीआरएम के निरीक्षण से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की लगभग डेढ़ घंटे तक गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कार्यदायी संस्था आरवीएनएल एवं गति शक्ति के अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। स्टेशन परिसर में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए स्टोर से फैली गंदगी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए।
डीआरएम ने फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, पानी की टंकी, शौचालय, नालियां, टिकट घर सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने नालियों पर जाली लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गंदगी और जलजमाव स्वीकार्य नहीं होगा।








