वृंदावन में महिला समाजसेवी पर जानलेवा हमला, घटना का लाइव वीडियो वायरल

By Liberal Media

Published On:

वृंदावन | LIBERAL MEDIA
धर्मनगरी वृंदावन के कोतवाली क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। रविवार को मथुरा गेट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत परिक्रमा मार्ग स्थित मोहिनी नगर में पुरानी रंजिश के चलते कुछ नामजद दबंगों ने कार से जा रही एक महिला समाजसेवी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित समाजसेवी डॉ. सोनिया सिंह के अनुसार वह अपने भतीजे देवेंद्र के साथ स्विफ्ट कार से किसी आवश्यक कार्य के लिए मथुरा जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे शिखा शर्मा, उसके पति प्रकाश शर्मा, शेखर, दीपक, गौरव और तीन अज्ञात लोगों ने उनकी कार को घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से कार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कार के शीशे चकनाचूर हो गए, जिससे डॉ. सोनिया सिंह को भी चोटें आई हैं।
पीड़िता का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें कार से बाहर खींचने की कोशिश भी की, लेकिन किसी तरह वह वहां से जान बचाकर निकलने में सफल रहीं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights