सहजनवा। सहजनवा तहसील क्षेत्र के अनंतपुर चौराहे पर विवादित मकान को लेकर दोनों पक्षों में चल रही तनातनी को देखते हुए तहसील प्रशासन ने मकान में ताला जड़ दिया और शांति कायम करने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, आराजी संख्या 398 में सुशीला देवी पत्नी मिठाईलाल, शिमिरित लाल पुत्र संतराज और तपेसरा देवी पत्नी शिमिरित लाल ने बैनामा कराकर चारदीवारी बना ली थी। वहीं, विपक्षी पक्ष माधुरी देवी पत्नी मेवालाल, सांभा देवी पत्नी ओम प्रकाश, सुनील यादव पुत्र राम कृपाल यादव ने आराजी संख्या 401 पर बैनामा कराया था।
2014 में सत्ता के दबाव में विपक्षी पक्ष ने सुशीला देवी की भूमि पर कब्जा कर लिया था। करीब दो माह पहले माधुरी देवी के परिवार ने मकान में ताला जड़ दिया था, जिसे देखकर सुशीला देवी ने ताला खोलकर परिवार सहित मकान में प्रवेश कर लिया था।
स्थानीय प्रशासन ने मौके पर नायब तहसीलदार राम सूरज और राजस्व टीम के साथ पहुंचकर स्थिति को गंभीर पाया। मकान के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और शांति बनाए रखने के लिए सरकारी ताला जड़ दिया गया।








