अमरोहा। नौगावां सादात तहसील में विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 378 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सुनीत सिंह ने सभी बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर एसडीएम सुनीत सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम होती है। घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने में बीएलओ ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
एसडीएम ने कहा कि बीएलओ को सम्मानित किए जाने से न सिर्फ उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि भविष्य में भी वे और अधिक समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सम्मान पाकर बीएलओ में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा जताया कि आने वाले चुनावों में मतदाता सूची और अधिक मजबूत व विश्वसनीय होगी।








