कन्नौज | लिबरल मीडिया
कन्नौज जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से सकुशल शुरू हो गईं। जनपद में कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पहली पारी में 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश द्वार पर गहन तलाशी के साथ पहचान पत्रों की जांच की गई।
जिले में तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। केंद्रों के अंदर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।
नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से भी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले पेपर को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षार्थी समय से पहले केंद्रों पर पहुंचे और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हुए। जिला प्रशासन ने दोहराया कि परीक्षा अवधि के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।








