Agra | Liberal Media
ट्रांस यमुना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब टेड़ी बगिया स्थित एसएन होटल के अंदर राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि होटल में शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद बदमाशों ने राज चौहान पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगने के बाद घायल अवस्था में राज होटल से बाहर भागा, लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच खोखे और शराब की बोतलें बरामद की हैं।
मृतक राज चौहान हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट चुका था। जेल से रिहाई के बाद उसका भव्य स्वागत किया गया था, जिस दौरान भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी अली अब्बास सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पुरानी रंजिश और जेल कनेक्शन को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।








