वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखारीपुर गांव के पास सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधेड़ महिला ने वंदे भारत ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शरीर दो टुकड़ों में बंट गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय सहोदरा देवी, निवासी चांदपुर, थाना राजातालाब, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला कुछ देर तक रेलवे लाइन के किनारे टहलती रही। जैसे ही तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन पास आई, उसने अचानक पटरियों पर छलांग लगा दी। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण चालक के ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन कुछ दूरी तक आगे निकल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से महिला के चप्पल और एक थैला भी बरामद किया गया है, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई।








