फिरोजाबाद: जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम अरांव खुर्द में दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल जा रहे भाई-बहन को बेकाबू ट्रैक्टर में लगे मिक्सर मशीन ने टक्कर मार दी। हादसे में 10वीं की छात्रा हेमलता (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई मोहित (13) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक शव सड़क पर रखकर जाम लगाया। ग्रामीण ईंट-भट्ठा स्वामी को मौके पर बुलाने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे और सिरसागंज पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मोहित को जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ जसराना ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।








