गोरखपुर। खजनी कस्बे में मंगलवार को खजनी थाना के ठीक बगल मुख्य मार्ग पर घंटों भीषण जाम लगा रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। हैरानी की बात यह रही कि जाम के दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। हालात को देखते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) खजनी रमेश शुक्ला को स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ी।
खजनी–सिकरिकगंज–जैतपुर–कौड़ीराम–गोला मार्ग पर टोल टैक्स से बचने के लिए बड़ी संख्या में ट्रक व डंपर गुजर रहे हैं, जिससे थाना के सामने भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस, स्कूली वाहन और आम राहगीर फंसे रहे।
बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारु हो सका। उपजिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि जाम की समस्या को लेकर क्षेत्राधिकारी से बात की गई है। वहीं सीओ खजनी शिल्पा कुमारी ने बताया कि टोल बचाने वाले भारी वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन रही है और फिलहाल कस्बे में एक दरोगा व एक कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी, ताकि जाम से निजात मिल सके।








