Agra | Liberal Media
आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर द्वारा तेजो महालय पर 21 मीटर का भगवा ध्वज चढ़ाने के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। ताजमहल में चल रहे उर्स के विरोध में किए गए इस ऐलान को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मीरा राठौर को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया।
जानकारी के अनुसार मीरा राठौर ने दोपहर 12:30 बजे अपने निवास से तेजो महालय के लिए निकलने की घोषणा की थी। हाउस अरेस्ट के बावजूद हिंदूवादी कार्यकर्ता उनके साथ सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने उन्हें पुरानी मंडी चौराहे के पास रोक लिया, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और ताजमहल जाने पर अड़ गए।
गौरतलब है कि आज ताजमहल पर उर्स का आखिरी दिन है और इस दौरान करीब 1700 मीटर से अधिक लंबी सतरंगी चादर चढ़ाई जानी है। इसी को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थिति को देखते हुए मीरा राठौर के आवास पर देर रात से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।








