बांदा। तिंदवारी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साली की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है।
भुजरख गांव निवासी 20 वर्षीय रोहित यादव अपनी 18 वर्षीय साली शांती को बाइक से उसके गांव दुरई माफी, बिसंडा छोड़ने जा रहा था। तिंदवारी कस्बे में पेट्रोल पंप जाते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीएचसी तिंदवारी से जिला अस्पताल रेफर किए जाने पर शांती को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रोहित को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









