कुशीनगर | LIBERAL MEDIA
कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार काली थार ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। घटना कसया नगर के पुरानी फाजिलनगर रोड की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर थार चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी तथा भागने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो में सवार एक महिला ने दूधमुंहे बच्चे को गोद में उठाकर कूदकर अपनी जान बचाई।
टक्कर के बाद सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसे के बाद थार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।








