वाराणसी। जिले के गंजारी स्थित प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बनने वाली स्पोर्ट्स सिटी लैंड पुलिंग टाउन सिटी योजना को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार को राजातालाब तहसील सभागार में किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में बैठक चली, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।
बैठक में एसडीएम राजातालाब और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के अपर सचिव मौजूद रहे। लंबी चर्चा के बाद किसान प्रशासन की बातों से पूरी तरह असंतुष्ट नजर आए और उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब वे अपनी एक इंच जमीन भी नहीं देंगे।
किसानों का आरोप है कि प्रशासन विकास के नाम पर उनकी उपजाऊ जमीन सस्ते दामों में हड़पना चाहता है। उनका कहना है कि पहले रिंग रोड के लिए जमीन ली गई, जिससे कई किसान भूमिहीन हो गए, और अब बची हुई जमीन को स्पोर्ट्स सिटी के नाम पर लेने की कोशिश की जा रही है।








