कानपुर देहात। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मुनौरापुर गांव के सामने टेलर पलटने से चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जालौन जिले के ऐंट थाना क्षेत्र निवासी चालक नितिन कुमार अपने क्लीनर सोनू मंसूरी के साथ जेएसबी हरदोई खाली कर वापस लौट रहे थे। पीछे से आए एक डंपर ने ओवरटेक करते समय टेलर में टक्कर मार दी, जिससे वाहन खाई में पलट गया और दोनों केबिन में फंस गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में हाइड्रा और गैस कटर से केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले रसूलाबाद सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट कानपुर रेफर किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों की जान बच सकी।








