शाहजहांपुर। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी गंगानगर स्थित फार्म पर पहुंचे, जहां उन्होंने खेती में हो रहे नवाचारों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा द्वारा अपनाई जा रही सहफसली खेती की सराहना करते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ सहफसली खेती को अपनाना चाहिए, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन और आय में बढ़ोतरी संभव हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचारी प्रयोग किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने गन्ने के साथ जर्मनी का चुकंदर, काला आलू, टमाटर, ब्रोकली, पत्ता गोभी, फूल गोभी सहित एक ही पौधे में टमाटर-आलू एवं टमाटर-बैंगन की उन्नत सहफसली खेती को देखा और इसकी खुले दिल से प्रशंसा की।
इससे पूर्व प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को बुके भेंट कर स्वागत किया ।









