आजमगढ़। सोशल मीडिया के जरिए आमजन में भय और अराजकता फैलाने वाले एक गिरोह के आठ सदस्यों को जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय रहकर भड़काऊ पोस्ट और दहशत फैलाने वाली गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार ‘बाहुबली 9999’ और ‘5050’ नामक आईडी के माध्यम से ये आरोपी लोगों को डराने का प्रयास कर रहे थे। गैंग का सरगना रामचन्द्र उर्फ मैकू पुत्र स्वर्गीय कन्हैया यादव, निवासी ग्राम भरौली बताया गया है, जो पूर्व में भी कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में अजय यादव, रामरतन यादव, भोलेनाथ यादव, उपेन्द्र यादव, आर्यमान यादव, अंकित कुमार, राजकुमार और आदित्य यादव शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








