Agra | Liberal Media
आगरा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता कर अहम जानकारी दी। डीएम ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है और सभी मतदाताओं के लिए अपना नाम जांचना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, वे तुरंत अपने संबंधित बूथ पर जाकर सत्यापन करें और फॉर्म-6 भरकर जमा करें। आवेदन के साथ घोषणा पत्र देना, फेस फोटो और आवश्यक दस्तावेज लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही परिवार के किसी एक सदस्य के वोटर आईडी का विवरण भी देना जरूरी है।
डीएम ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाता भी इस अभियान के तहत अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। घर या कार्यालय के पते पर नाम जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में चल रहे अभियान के तहत अब तक 56 हजार से अधिक फॉर्म-6 भरे जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।








