गोरखपुर, 19 दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पूरी सक्रियता से भाग लें और घर-घर संपर्क कर कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर में की गई मेहनत लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य है।
योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाले तत्व ही एसआईआर पर अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जीत का श्रेय खुद लेते हैं और हार होने पर ईवीएम को दोष देते हैं। मुख्यमंत्री ने एसआईआर को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए कार्यकर्ताओं से प्रारूप 6, 7 और 8 के माध्यम से अधिक से अधिक नाम जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में सांसद रविकिशन शुक्ल और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर के सात मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













