इटावा के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सिंचाई विभाग के मुख्यालय में भीषण आग लगने से वर्षों पुराना विभागीय रिकॉर्ड जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में लगभग छह कमरे आए, जिनमें हजारों महत्वपूर्ण फाइलें और कर्मचारियों–अधिकारियों से जुड़े दस्तावेज नष्ट हो गए।
आग की सूचना तड़के करीब 6:30 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आग की भयावहता को देखते हुए साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।
सिंचाई विभाग के चौकीदार बलवीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे गश्त के दौरान आग की जानकारी हुई, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई। वहीं विभागीय कर्मी कमलेश कुमार के अनुसार आग से पुराना रिकॉर्ड पूरी तरह नष्ट हो गया।
दमकल कर्मी सुभाष चंद्र ने बताया कि समय पर सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया।








