गोवर्धन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी शातिर साइबर अपराधी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। मुठभेड़ गोवर्धन थाना क्षेत्र के महमदपुर बाईपास पर डींग से मथुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई, जहां अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया अभियुक्त काला पुत्र साहुन, निवासी देवसेरस है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अपराधी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त देश के विभिन्न राज्यों में फर्जी नंबरों से लोगों को कॉल कर साइबर फ्रॉड करता था। वह देवसेरस के जंगल में बैठकर फर्जी सिम के जरिए कभी किसी का परिचित बनकर तो कभी खुद को अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था ।








