बरेली। शंकराचार्य के कथित अपमान के मामले में अपने पद से इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को हाउस अरेस्ट में रखा गया है और उनका फोन सर्विलांस पर बताया जा रहा है। मंगलवार को उन्होंने आशंका जताई कि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, अलंकार अग्निहोत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से दिए गए बयान और इस्तीफे के बाद प्रशासन हरकत में आया। उन्हें निलंबित किए जाने के साथ-साथ सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उनके आवास पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा,
“मैंने अपने अंतरात्मा की आवाज पर यह कदम उठाया है। मुझे डर है कि मेरे साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है। इसलिए सरकार और प्रशासन से मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करता हूं।”
मामले को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी हलचल तेज है। कुछ संगठनों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि,
“स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।”
फिलहाल, अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे और हाउस अरेस्ट को लेकर चर्चाएं जारी हैं और सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।








