Shahjahanpur: ‘उड़ान’ के रंग में रंगा लीड कॉन्वेंट स्कूल, 20वें वार्षिकोत्सव में छात्रों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां; सांसद ने की सराहना

By Liberal Media

Updated On:

Date:

​SHAHJAHANPUR | LIBERAL MEDIA


​शाहजहांपुर। शहर के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में रविवार को प्रतिभा और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। मौका था लीड कॉन्वेंट स्कूल के 20वें वार्षिकोत्सव ‘उड़ान – द विंग्स ऑफ लीड’ का, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर सीनियर छात्रों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।


चारों धर्मों के प्रतीक के साथ हुआ शुभारंभ


कार्यक्रम की शुरुआत एक अनोखे अंदाज में हुई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कटिहार, विशिष्ट अतिथि डीपीएस राठौड़ (अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक), एडीएम (F/R) अरविंद कुमार सिंह और भाजपा नेत्री शिल्पी गुप्ता ने विद्यालय की प्रधानाचार्या तराना जमाल व निदेशक मोहम्मद जमाल के साथ मिलकर चारों धर्मों के प्रतीकात्मक दीप प्रज्वलित किए। इसके बाद कक्षा 4 की छात्राओं ने गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।


सामाजिक मुद्दों पर बच्चों ने दीं दमदार प्रस्तुतियां


वार्षिकोत्सव में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के छात्रों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाले विषयों को भी मंच पर उतारा। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘जल संरक्षण’, ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ और ‘मोबाइल एडिक्शन’ जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों के नाटकों ने खूब तालियां बटोरीं। देशभक्ति गीतों और विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।


​शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी: सांसद


मुख्य अतिथि सांसद मिथिलेश कुमार कटिहार ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। वहीं, प्रधानाचार्या तराना जमाल ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए शैक्षणिक और खेल के क्षेत्र में स्कूल की उपलब्धियों को गिनाया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights