शाहजहांपुर।
शहीद प्रतिमाओं को नगर निगम प्रशासन द्वारा खंडित किए जाने के मामले में कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले कई दिनों से अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शन कर रही कांग्रेस ने सोमवार को एक बार फिर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और नगर आयुक्त के तबादले व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
दोपहर बाद कांग्रेस पदाधिकारी राजीव भवन, टाउन हॉल स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां से जिलाध्यक्ष हाथ में हंटर लेकर पैदल मार्च करते हुए नगर निगम गेट तक पहुंचे। इस दौरान “निगम प्रशासन मुर्दाबाद”, “मेयर इस्तीफा दो” और “शहीदों के सम्मान में कांग्रेस मैदान में” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देते हुए कार्यालय के पिछले गेट से निगम प्रशासन का पुतला निकालकर नगर निगम परिसर तक पहुंचा दिया। पहले से तैनात पुलिस बल ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के आक्रोश के आगे असफल रहा। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया गया।
पुतला दहन के दौरान जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने हंटर से पुतले को पीटते हुए कहा कि यदि शहीदों ने बलिदान न दिया होता, तो आज भी देशवासी अंग्रेजों के अत्याचार सह रहे होते। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की मांग करेगा, ताकि पूरे प्रकरण को उनके समक्ष रखा जा सके।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, तसनीम अली खान, तनवीर सफदर, कृष्ण विनोद मिश्रा, बी.एन. सिंह यादव, संजय सक्सेना, सुशील प्रकाश शर्मा, रफी उल हसन, सईद अंसारी, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, फरमान खान, मोहसिन खान, परवेज अहमद, प्रत्यूष मिश्रा, शाश्वत मिश्रा, पूनम पांडेय, बिंदेश्वरी राज, साजिद खान, वकार आलम, प्रो. जाने आलम खान, अनुभव कटारिया, ओमपाल जाटव, मुस्तकीम, इरफान, अतीत बागी, संतोष गुप्ता, शाहनवाज खान, अयान खान, अखलेश पाल, शान मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









