Liberal Media | Badaun
बदायूं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय बदायूं में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस गरिमामयी अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि शहीद दिवस हमें उन महान आत्माओं के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल और सेना के जवानों का बलिदान हमें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा करने की प्रेरणा देता है। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान सदैव वंदनीय रहेगा और सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
मौन श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार रहे।














