उन्नाव।
शहीदे-वतन पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की पावन जन्मभूमि बदरका, उन्नाव में उनकी 120वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित त्रिदिवसीय भव्य समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीद आज़ाद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि पंडित चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार को आज़ाद के जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है। आयोजन समिति और ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
समारोह के दौरान डिप्टी सीएम ने देशविरोधी मानसिकता पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी सोच को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।








