वृंदावन, मथुरा | LIBERAL MEDIA
जगप्रसिद्ध ठाकुर बाँकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हाल ही में पीड़ित स्थानीय निवासियों और सेवायतों ने मंदिर के चबूतरे पर एकत्र होकर हाथ उठाकर सामूहिक शपथ ली कि वे किसी भी स्थिति में अपने पुश्तैनी मकान और मंदिर प्रशासन को नहीं सौंपेंगे। इस घटनाक्रम से प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
प्रदर्शन कर रहे सेवायतों और स्थानीय लोगों ने सरकार व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि कुछ भूमाफियाओं की मिलीभगत से उन पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय निवासी सोहन लाल मिश्र ने कानूनी सवाल उठाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि कॉरिडोर निर्माण के लिए मंदिर कोष से धन दिया जाएगा और रजिस्ट्री ठाकुर जी के नाम होगी। ऐसे में प्रशासन अपने नाम से रजिस्ट्री कैसे करा सकता है। उन्होंने दावा किया कि अब तक हुई रजिस्ट्रियां दबाव में कराई गई और अवैध हैं।
स्थानीय महिला राधा मिश्रा ने प्रशासन पर लोगों को भ्रमित करने और डराकर जमीनें हथियाने का आरोप लगाया है।








