वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 में खड़ंजा और सीवर लाइन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने और चार दिन में सिलापट्ट बदलने से स्थानीय महिलाओं और नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए।
स्थानीय निवासी शांति देवी ने बताया कि बारिश के दिनों में गली में पानी भर जाता है और बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव अजय फौजी ने मौके पर जाकर सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला और कहा कि काम पूरा न होने के पीछे भ्रष्टाचार की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अधूरा कार्य पूरा नहीं किया गया, तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल नगर निगम और संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।








