फिरोजाबाद। जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा माफिया शकील मास्टर पुत्र खालिद की 69 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की। आरोपी के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई की गई।
मोहल्ला रुकनपुरा स्थित आरोपी के मकान पर यह कार्रवाई सीओ अरुण कुमार चौरसिया, एसडीएम डॉ. गजेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष शिकोहाबाद अनुज कुमार और थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन शर्मा की मौजूदगी में की गई। पुलिस ने मकान की तलाशी लेकर उसे खाली कराया और सील कर दिया। ऊपरी मंजिल पर बने कबूतरों के कमरे को खोल दिया गया ताकि वे स्वतंत्र रह सकें।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढोल बजाकर मुनादी कराई और कानूनी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








