लखनऊ से जयनगर जा रही सरयू-यमुना एक्सप्रेस में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बलिया निवासी ममता देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बस्ती से आगे ट्रेन में एस-1 कोच की 43 नंबर बर्थ पर महिला की हालत बिगड़ने पर पति अजय ने टीटीई को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर डॉक्टर और मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचते ही आरपीएफ की महिला जवानों ने कोच खाली कराया। इसके बाद रेलवे डॉक्टर सत्य प्रकाश ने टीम के साथ कोच में ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के दौरान करीब आधे घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। आवश्यक दवाइयां लेने के बाद महिला अपने पति और बच्ची के साथ उसी ट्रेन से घर के लिए रवाना हो गई।








