Liberal Media
शाहजहांपुर।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सामाजिक सरोकार की सशक्त मिसाल पेश करते हुए वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स ने रविवार को कंबल वितरण अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत शहर के मुहल्ला मघई टोला में 50 जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर उन्हें कंबल वितरित किए गए।
गौरतलब है कि विगत एक दशक से वीआईपी ग्रुप धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लगातार जनसेवा में सक्रिय है और अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
इस अवसर पर ग्रुप के क्रिएटर अभिनय गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की मदद करना ही नहीं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सेवा, सहयोग और मानवीय दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जब समाज का हर सक्षम व्यक्ति आगे आएगा, तभी वास्तविक रूप से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सकेगी।
कार्यक्रम प्रभारी वर्षा गोस्वामी ने कहा कि भीषण ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे अभियान गरीब और असहाय लोगों के लिए बड़ी राहत बनते हैं। ऐसे आयोजन समाज में करुणा, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में ग्रुप की कोषाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमा अग्रवाल, उपाध्यक्ष सचिन बॉथम एवं विनायक अग्रवाल, ग्रुप के प्रवक्ता कौशलेन्द्र मिश्रा तथा संरक्षक संजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
सर्दी में सेवा की गर्माहट : वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स ने 50 जरूरतमंदों को बांटे कंबल
Published On:
Date:








