मऊ। श्री शीतला माता धाम में आयोजित संत गणिनाथ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार प्रांत के छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें शिक्षा व रोजगार के अवसर पुरुषों के समान मिलने चाहिए। साथ ही नारी समाज को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि खेसारी लाल यादव को जबरदस्ती चुनाव लड़ाया गया, जबकि वे नेता नहीं बल्कि कलाकार हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक व सामाजिक संगठन प्रमुख राधा चरण सेठ ने समाज को एकता के सूत्र में पिरोने, वैश्य समुदाय को जोड़ने और आपसी ईर्ष्या-द्वेष समाप्त करने पर बल दिया। इस अवसर पर एलकेजी से इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं जीएन स्कूल के छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सराहनीय रहीं।








