बुलंदशहर। थाना शिकारपुर क्षेत्र के पहासू रोड स्थित टक्कर नगलिया के निकट सड़क किनारे एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव अचलपुर निवासी 25 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गौरव अपनी निजी रिश्तेदारी से घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में उसका शव सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।








