मकर संक्रांति के बाद योगी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल संभव
कई मंत्रियों की छुट्टी तय मानी जा रही, नए चेहरों की एंट्री के संकेत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और विभागीय फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मकर संक्रांति के बाद योगी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। इस दौरान कुछ मौजूदा मंत्रियों का पत्ता साफ होना तय माना जा रहा है, जबकि कई नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि कल हुई प्रदेश कोर ग्रुप की अहम बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों में बड़े स्तर पर बदलाव को लेकर गहन चर्चा हुई है। संकेत हैं कि 6 से अधिक मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, वहीं प्रदर्शन के आधार पर कुछ मंत्रियों की विदाई भी संभव है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए योगी मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। संभावित नामों में भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया, मनोज पांडेय और पूजा पाल को मंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज हैं।
हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन सत्ता के गलियारों में हलचल बता रही है कि योगी कैबिनेट 2.0 में बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है।














