गोला, गोरखपुर। मऊ जनपद के कोपागंज कोतवाली क्षेत्र के वांछित अभियुक्त विशाल सोनकर उर्फ राज की करीब 70 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त विशाल सोनकर पुत्र दुलारे सोनकर की बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बसावनपुर (चिल्लूपार) गांव में स्थित संपत्ति, जो उसकी माता माधुरी देवी के नाम पर अवैध रूप से अर्जित बताई जा रही है, को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ के आदेश पर चलाए जा रहे कुर्की अभियान के तहत की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ दोहरीघाट, घोसी और बड़हलगंज थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। कुर्की की कार्रवाई में कोपागंज, बड़हलगंज व दोहरीघाट पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।








