लखनऊ | LIBERAL MEDIA
लखनऊ पुलिस ने महानगर थाना क्षेत्र में हुए वृद्ध महिला हत्याकांड का खुलासा करते हुए सनसनीखेज सच्चाई सामने लाई है। इस मामले में पुलिस ने मृतका की बहू रंजना और उसके किरायेदार प्रेमी राजन शर्मा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 69 वर्षीय निर्मला देवी की हत्या प्रेम प्रसंग में बाधा बनने के चलते की गई। आरोप है कि बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साड़ी से गला घोंटकर सास की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने से पहले मृतका के हाथ भी बांधे गए थे।
हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को लूट का रूप देने की कोशिश की और घर से जेवरात लेकर छिपा दिए, ताकि मामला भटकाया जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से मृतका के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।








