रेशम निदेशालय की बिल्डिंग में भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जले

By Liberal Media

Published On:

जनपद – लखनऊ | LIBERAL MEDIA

लखनऊ। गोमती नगर इलाके के नेहरू एन्क्लेव स्थित रेशम निदेशालय की बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकश मित्तल के अनुसार, फायर ब्रिगेड को रात करीब 9:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए।

मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि विश्वास मार्केट की पहली मंजिल पर रेशम निदेशालय का कार्यालय तथा दूसरी मंजिल पर निबंधन एवं स्टाम्प से संबंधित कार्यालय संचालित है। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया।

दमकल विभाग की कुल चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों के मुताबिक आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights