गोरखपुर। गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं लोकप्रिय फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला के निरंतर प्रयासों से गोरखपुर से प्रयागराज और प्रयागराज से गोरखपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
सांसद रवि किशन शुक्ला ने इस संबंध में रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा था। उनके पत्र के क्रम में रेलवे बोर्ड को 08 दिसंबर 2025 को औपचारिक प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही गोरखपुर–प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इस ट्रेन के शुरू होने से गोरखपुर, बस्ती मंडल, सिद्धार्थनगर सहित पूरे पूर्वांचल के यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रा समय में कमी आएगी और दोनों प्रमुख शहरों के बीच आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा।








