गोरखपुर/गोला। बड़हलगंज–देवरिया को जोड़ने वाले निर्माणाधीन राष्ट्रीय रामजानकी मार्ग पर चार घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। मिट्टी लदे ट्रेलरों की लंबी कतार के कारण दोपहर करीब 3 बजे जाम शुरू हुआ, जो देर रात तक बना रहा।
जाम में एक एम्बुलेंस भी फंस गई, जो तुर्कवलिया में घायल युवक को लेने जा रही थी। सायरन बजाने के बावजूद एम्बुलेंस को निकलने का रास्ता नहीं मिला। ठंड के बीच फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिहार, देवरिया, रुद्रपुर, कुशीनगर सहित अन्य जिलों की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। खबर लिखे जाने तक कोतवाल बड़हलगंज सुनील कुमार राय पुलिस बल के साथ जाम खुलवाने में जुटे रहे। वहीं पुलिस चौकी होम्योपैथिक खड़ेसरी के बंद रहने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।








